नगर पालिका क्षेत्र में मिलेगी वाई-फाई की सुविधा
पूर्व चेयरमैन के कार्यों की होगी टीएसी जांच
फोटो संख्या- 74
अमर उजाला ब्यूरो
पडरौना। बुधवार को पडरौना नगर पालिका सभागार में बोर्ड की बैठक हुई। इसमें नगर क्षेत्र में वाई-फाई की व्यवस्था, प्रमुख मार्गों की पटरियों पर डिमार्केशन और पूर्व चेयरमैन के कार्यकाल में हुए कुछ कार्यों की टीएसी जांच समेत सात बिंदुओं में चर्चा की गई।
चेयरमैन विनय जायसवाल ने इस बैठक के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि संपूर्ण नगर क्षेत्र में वाई फाई की व्यवस्था करने, अतिक्रमण रोकने के लिए चिह्नाकन करने, बीपीएल परिवारों को वॉटर कनेक्शन के लिए छूट देने, जलकल कैंपस के गैराज की मरम्मत एवं छत पर दो मंजिला बारात घर का निर्माण कराने व इस परिसर में सफाई व्यवस्था के लिए चार कमरे का स्टोर रूप बनवाने का निर्णय लिया गया। चेयरमैन ने कहा कि नगर पालिका की तरफ से खिरकिया घाट, छावनी पोखरा के सुंदरीकरण, जलकल भवन में कराए गए निर्माण कार्य और आवास विकास कॉलोनी में बने पार्क के निमार्ण कार्य की टीएसी जांच कराने का भी प्रस्ताव बोर्ड के समक्ष रखा गया। बोर्ड ने इस पर सहमति जताई है। इस दौरान ईओ मणिभूषण तिवारी, एबैदुल्लाह, अब्दूल बरार, सरिता देवी, मैना देवी, राजकुमार चौरसिया, विजय यादव, रामकृपाल यादव, लिंकन सिंह, मंसूर खान आदि सभासद मौजूद रहे।