कुबेरस्थान। स्वास्थ्य विभाग की ओर से बुधवार को सिंघनजोड़ी गांव के प्राथमिक विद्यालय परिसर में एचआईवी एड्स जागरूकता एवं निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। चिकित्सकों ने उपस्थित लोगों को एड्स से बचाव के उपाय बताए। इसके अलावा मरीजों की जांचकर निशुल्क दवा का वितरण भी किया गया।
कुबेरस्थान सीएचसी के प्रभारी डॉक्टर शशि शेखर सिंह की अगुवाई में लगे इस शिविर में अगल-बगल के गांवों के करीब 500 लोगों ने अपना पंजीकरण कराया। जांच के बाद बीमारी से बचाव के लिए डॉक्टरों की टीम ने आवश्यक सुझाव दिए। साथ ही निशुल्क दवा का वितरण किया।
चिकित्सकों ने बताया कि एचआईवी एड्स आज भी असाध्य है। जागरूकता से ही इस बीमारी से निपटा जा सकता है। जो लोग किसी वजह से इस बीमारी की चपेट में आ गए हैं वे इलाज के जरिए लंबे समय तक स्वस्थ जीवन बिता सकते हैं। शिविर में आए विकास कल्चर एवं वेलफेयर सोसायटी लखनऊ के कलाकारों ने लघु नाटक प्रस्तुत कर लोगों को एचआईवी एड्स के प्रति जागरूक किया।
कई अन्य स्वयंसेवी संस्थाओं के सदस्यों ने भी इस शिविर में अपना पूर्ण योगदान दिया।शिविर में डीटीओ डॉक्टर सुदर्शन सोनकर, डॉक्टर वीपी नरसरिया, डॉक्टर नाजरीन, डॉक्टर अजय श्रीवास्तव, इमरान खान, गौतम शर्मा, चंद्रभान यादव, प्रधान तीजिया देवी, चन्द्रिका यादव आदि मौजूद रहे।