कुशीनगर। म्यांमार में बौद्ध अनुयायियों और रोहिंग्या मुसलमानों के बीच हुए दंगे को देखते हुए कुशीनगर के मंदिर एरिया में सतर्कता बढ़ा दी गई है। शुक्रवार को सुबह सात बजे से ही पुलिस ने सभी मंदिरों की जांच कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। मंदिरों के प्रभारियों और धर्मशाला के प्रबंधकों को भी आने-जाने वालों पर विशेष नजर रखने को को कहा गया।
सीओ ओमपाल सिंह की अगुवाई में एसओ गजेंद्र राय व स्वॉट प्रभारी संजय मिश्र पुलिस कर्मियों व डाग स्क्वॉड के साथ महापरिनिर्वाण मंदिर पहुंचे। इन लोगों ने मुख्य गेट से लेकर मंदिर के चारों तरफ भ्रमण कर सुरक्षा इंतजाम का जायजा लिया। मुख्य गेट पर पर्यटक पुलिस के अलावा यूपी पुलिस के जवानों की संख्या भी बढ़ा दी गई है। पुलिस टीम ने माथा कुंवर मंदिर, तिब्बती मंदिर, थाई मंदिर, रामाभार स्तूप, चाइना मंदिर, बिड़ला धर्मशाला सहित कुशीनगर के अन्य विशेष स्थलों के अंदर और बाहर जांच कर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम का जायजा लिया। दोपहर बाद तक सीओ महापरिनिर्वाण मंदिर के सामने मौजूद थे। डाग स्क्वॉड टीम ने मंदिर आने-जाने वाले लोगों के सामानों आदि की भी जांच की। पुलिस अफसरों का कहना था कि देश भर में बौद्ध स्थलों पर हाई अलर्ट के चलते यहां अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।