कुशीनगर। सुप्रीम कोर्ट से समायोजन रद्द किए जाने के बाद से शिक्षा मित्र आंदोलित हैं। जिले में हजारों शिक्षा मित्र समायोजन रद्द होने के बाद से धरना - प्रदर्शन कर रहे हैं। सोमवार को भी काफी संख्या में शिक्षा मित्रों ने कसया में सांसद आवास पर पहुंचकर धरना दिया। प्रधानमंत्री को संबोधित मांगों से संबंधित ज्ञापन भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी को सौंपने के बाद दिन के करीब तीन बजे शिक्षा मित्रों का धरना समाप्त हुआ। इस दौरान शिक्षा मित्र कोई हंगामा न कर दें, इसके मद्देनजर पुलिस भी मुस्तैद रही।
संयुक्त शिक्षा मित्र संघर्ष समिति के जिलाध्यक्ष अखिलेश कुमार चतुर्वेदी की अगुवाई में जिले भर के शिक्षा मित्रों का हुजूम सोमवार की सुबह दस बजे सांसद राजेश पांडेय के आवास पहुंचकर धरने पर बैठ गया। धरने को संबोधित करते हुए शिक्षा मित्र संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि समायोजन रद्द होने से शिक्षा मित्र बेरोजगार हो गए हैं। परिवार आर्थिक तंगी से जूझ रहा है। धरना दे रहे शिक्षामित्रों का आरोप है कि सितंबर 2015 में हाईकोर्ट इलाहाबाद ने भी समायोजन के खिलाफ फैसला सुनाया था, जिससे प्रदेश भर में 60 शिक्षामित्रों की जानें चली गई थीं। हाईकोर्ट के निर्णय पर शीर्ष अदालत की तरफ से स्थगन आदेश पारित किया गया था, जिससे उम्मीद की किरण जगी थी। फिर शीर्ष अदालत ने 25 जुलाई को समायोजन रद्द करने का फैसला सुना दिया। इससे शिक्षा मित्रों की स्थिति बिगड़ गई है। सांसद आवास पर धरना दे रहे शिक्षा मित्रों ने सवाल खड़े किए कि अगर संसद में अपराधियों को जीवनदान देने के लिए कानून में संशोधन हो सकता तो समाज में शिक्षा की अलख जगाने वाले शिक्षा मित्रों के लिए आरटीई एक्ट में भी संशोधन किया जाना चाहिए। धरना अपराह्न तीन बजे तक चलता रहा। उसके बाद सांसद की अनुपस्थिति में भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी मारकंडेय शाही ने पहुंचकर उनका ज्ञापन लिया। उन्होंने कहा कि भाजपा शिक्षा मित्रों के साथ है। प्रदेश के मुख्यमंत्री सहित स्थानीय सांसद राजेश पांडेय को मांग पत्र भेजवाकर सदन चलने के दौरान मुद्दा उठवाने का आश्वासन दिया। इस पर शिक्षामित्रों ने धरना खत्म किया।
धरने का संचालन आदर्श समायोजित शिक्षक शिक्षा मित्र वेलफेयर एसोसिएयशन के जिला कोषाध्यक्ष राजकुमार पांडेय ने किया। इस दौरान उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षा मित्र संघ के जिलाध्यक्ष सुरेंद्र कुशवाहा, दूरस्थ बीटीसी संघ के जिलाध्यक्ष अजय कुमार सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष रामकुमार तिवारी, जिला महामंत्री देवकांत यादव, अनंत कुमार सिंह, सुनील कुमार यादव, प्रवक्ता एजाज अहमद, मंजीत पाठक, मीडिया प्रभारी प्रमोद पांडेय, प्रतिभा राय, प्रियंका पांडेय, सुनीता सिंह, सरिता सिंह, साधना द्विवेदी सहित काफी संख्या में शिक्षा मित्र मौजूद रहे।