पकवा इनार। राजकीय बौद्ध संग्रहालय में शनिवार को नौ विद्यालयों के 1095 छात्र-छात्राओं समेत अन्य लोगों ने कला वीथिकाओं का भ्रमण किया। उन्होंने ऐतिहासिक कलाकृतियां देखकर ज्ञानवर्द्धन किया।
राजकीय बौद्ध संग्रहालय में पिपरी जमुनी बलरामपुर, गोपालगंज, बिहार, रधिया देवरिया, हाटा, मेंहदावल, सतंकबीरनगर, गोरखपुर, ताजपुर मऊ, देवरिया में संचालित विद्यालयों के अलावा गोरक्ष पीठाधीश्वर महंत अवैद्यनाथ स्नातकोत्तर महाविद्यालय चौक बाजार महराजगंज के छात्र-छात्राओं के साथ शिक्षकों ने भ्रमण किया। उन्होंने कला वीथिकाओं में प्रदर्शित कलाकृतियों के माध्यम से कला एवं संस्कृति के विविध पक्षों देखा और संबंधित जानकारी भी हासिल की। संग्रहालय के वरिष्ठ सहायक तेज प्रताप शुक्ल ने बताया कि सुबह से ही दर्शकों की आवक बनी रही। यह सिलसिला बंद होने तक चलता रहा। इससे यहां का माहौल गुलजार बना रहा। छात्र-छात्राओं ने संग्रहालय की कला वीथिकाओं में प्रदर्शित कलाकृतियां देखी और उनसे संबंधित विशिष्टताओं से भी अवगत हुए।
इस मौके पर तरुण शुक्ल, धीरेंद्र मिश्र, नसीरुद्दीन बेग, विकास, चंदन आदि मौजूद रहे।