101 अभ्यर्थियों ने कराई काउंसिलिंग, 15 रहे अनुपस्थित
पडरौना। परिषदीय विद्यालयों में सहायक अध्यापकों के 69 हजार भर्ती प्रक्रिया के तहत शेष अभ्यर्थियों की शासन की तरफ से सूची के अनुसार सोमवार सुबह दस बजे से रविंद्रनगर स्थित गीता इंटर नेशनल पब्लिक इंटर कॉलेज में काउंसिलिंग शुरू हुई। इसमें जिले को मिले 162 शिक्षक अभ्यर्थियों में से 116 अभ्यर्थियों को बुलाया गया था। 101 अभ्यर्थियों ने कांउसिलिंग कराई। जबकि 15 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
69 हजार शिक्षक भर्ती प्रक्रिया के तहत इसके पहले दो बार जिले में 2040 शिक्षकों की भर्ती हो चुकी है। रविवार की देर शाम शासन की तरफ से प्रतीक्षारत प्रदेश के 6696 अभ्यर्थियों की सूची जारी की गई है। इसमें से जिले को 162 शिक्षक मिले हैं। सोमवार को 162 शिक्षक अभ्यर्थियों के सापेक्ष 44 महिला और 72 पुरुष समेत 116 शिक्षक अभ्यर्थियों को काउंसिलिंग के लिए रविंद्रनगर स्थित गीता इंटर नेशनल पब्लिक इंटर कॉलेज में बुलाया गया था। इसमें से 42 महिला और 59 पुरुष समेत कुल 101 शिक्षक अभ्यर्थियों ने कांउसिलिंग कराई। 15 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
बीएसए विमलेश कुमार ने बताया कि 69 हजार शिक्षक भर्ती प्रक्रिया के तहत शासन की तरफ से 6696 शिक्षक अभ्यर्थियों की सूची जारी की गई है। इसमें जिले को 162 शिक्षक मिले हैं। प्राप्त सूची के आधार पर सोमवार को कुल 116 अभ्यर्थियों को कांउसिलिंग के बुलाया गया था, जिसमें से 15 अभ्यर्थी काउंसलिंग में अनुपस्थित रहे। इन्हें कांउसिलिंग के लिए मंगलवार को बुलाया गया है। इसके अलावा मंगलवार को कांउसिलिंग के शेष बचे 46 शिक्षक अभ्यर्थियों को भी काउंसिलिंग के लिए बुलाया गया है।