पडरौना। ग्राम प्रधानों और सदस्यों के लिए मतदान से पूर्व ही 100 मतपत्रों के कमी की सूचना पर सोमवार को जनपदस्तरीय अधिकारियों में खलबली मच गई। मौके पर डीएम और एडीएम सहित अन्य अधिकारी पहुंचे। उनकी मौजूदगी में मतपत्रों का मिलान हुआ।
कमी को देखते हुए उन्होंने मतपत्र वितरण प्रभारी और संबंधित कर्मचारियों को सख्त हिदायत दी कि आइंदा ऐसी गलती मिलने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। मतपत्र प्रभारी जिला कृषि अधिकारी को इस मामले में केस दर्ज कराने को कहा गया है। ग्राम प्रधानों और सदस्यों के पहले चरण का मतदान 28 नवंबर को है। इस तिथि पर खड्डा, नेबुआ नौरंगिया, रामकोला और कप्तानगंज ब्लॉकों में मतदान होना है।
जिला कृषि अधिकारी डॉ. उमेश गुप्ता को निर्वाचन मतपत्रों के वितरण कार्य का प्रभारी नामित किया गया है। सभी ब्लॉकों के मत पत्रों को पडरौना तहसील स्थित पुराने कोषागार में रखने की व्यवस्था की गई है। सोमवार को मिलान के दौरान 100 मतपत्र कम पाए गए। इसके बाद अधिकारियों-कर्मचारियों में खलबली मच गई।
जिला कृषि अधिकारी ने डीएम को अवगत कराया। डीएम लोकेश एम, एडीएम रामकेवल तिवारी और तहसील स्तरीय अधिकारी तत्काल पहुंचे। मतपत्रों का मिलान किया गया तो मतपत्र वास्तव में कम थे।
इसे लापरवाही मानते हुए डीएम ने जिला कृषि अधिकारी और कर्मचारियों को कड़ी हिदायत दी कि ऐसी गलती की पुनरावृत्ति फिर कभी हुई तो कठोर कार्रवाई की जाएगी।
इस बाबत पंचायत चुनाव के प्रभारी अधिकारी सीडीओ केएन सिंह ने बताया कि मिलान करते समय 4138001 से 4138100 तक के सीरीज के मतपत्र नहीं मिले। मतपत्र प्रभारी जिला कृषि अधिकारी को इस संबंध में थाने में अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने का निर्देश दिया गया है।