होली पर नकली और मिलावटी मिठाइयों से दुकानें पटने लगी हैं। बृहस्पतिवार की सुबह खाद्य सुरक्षा एवं औषधि विभाग की टीम ने हाटा के बाघनाथ चौराहे से एक क्विंटल दस किलोग्राम नकली खोवा पकड़ा। इसे उन्नाव डिपो की बस में लादकर कसया की तरफ लाया जा रहा था।
होली में नकली और मिलावटी मिठाइयों की बिक्री रोकने के लिए बृहस्पतिवार की सुबह खाद्य सुरक्षा एवं औषधि विभाग के अभिहीत अधिकारी रामअवतार सिंह यादव की अगुवाई में रोडवेज के बसों की जांच की।
कानपुर से कसया आ रही उन्नाव डिपो की बस को हाटा के बाघनाथ चौराहे पर रोककर तलाशी ली गई तो उसमें काफी मात्रा में खोवा बरामद हुआ। उसे उतारकर चेक किया गया था वह नकली था। एक क्विंटल दस किलोग्राम इस नकली खोया को बस में मौजूद किसी यात्री ने अपना नहीं बताया। अभिहीत अधिकारी ने बताया कि नकली खोवा नष्ट कर दिया गया। उनके साथ तमकुहीराज तहसील क्षेत्र के खाद्य सुरक्षा अधिकारी सतीश कुमार भी मौजूद थे। उन्होंने बताया कि बुधवार को भी हाटा और भैसहीं में मिठाई की दुकानों में जांच की गई थी तथा वहां से मिठाइयों के नमूने लैब के लिए भेजे गए थे।