उत्तर प्रदेश में बरेली के हरूनगला में प्रताप सिंह ने सलवार सूट पहनने पर पत्नी का गला घोंट दिया। इसके बाद पति लाश को रस्सी से छत के कुंडे से लटकाकर पुलिस को आत्महत्या की सूचना देने पहुंच गया।
पुलिस की छानबीन व पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पति की करतूत का खुलासा हुआ। मृतका के पिता ने आरोपी पति प्रताप, सास लालन देवी, जेठानी मिथलेश और ननद को नामजद किया है।
आरोप है कि प्रताप और उसके घर वाले दहेज में दो लाख रुपये और बाइक मांग रहे थे। पुलिस ने प्रताप को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, पीलीभीत के गांव सियावली पट्टी के राजाराम की बेटी शशि (20) की शादी करीब साल भर पहले प्रताप सिंह से हुई थी। इस घर में अकेले दरवाजे से बाहर निकले, साड़ी-ब्लाउज के अलावा दूसरे कपड़े पहनने पर पाबंदी है।
लड़की के घरवालों ने बताया कि घर की छोटी-छोटी बातों पर शशि से गाली-गलौज और मारपीट होती थी। बुधवार की शाम वह सलवार सूट पहनकर घर के दरवाजे पर बैठ गई थी।
यह सास और पति प्रताप को इतना बुरा लगा कि पहले शशि की पिटाई कर दी और फिर रस्सी से गला दबाकर मार डाला।
पुलिस मौके पर पहुंची तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। दरवाजा खोला गया तो अंदर शशि की लाश जमीन पर औंधे मुंह पड़ी मिली।
रस्सी का एक टुकड़ा शशि के गले में बंधा था और दूसरा छत के कुंडे से बंधा था। इस बीच शाम को पोस्टमार्टम रिपोर्ट से भी साफ हो गया की शशि की हत्या की गई थी।