दशहरा मेला देखकर घर वापस लौट रहे बाइक सवार युवकों को अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दिया। जिससे मौके पर ही दो युवकों की मौत हो गई। हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। थरवई थाना क्षेत्र के मथुरा उर्फ पारनडीह, जगनापुर गांव निवासी सत्यम यादव (16) पुत्र दयाराम यादव अपने साथियों के साथ मेले में विछुड़ गया। घर जाने के लिए अनुज भारतीया पुत्र सुभाष भारतीया (18) और रंजीत पुत्र राम बहादुर उर्फ लाहुरी (30) निवासी कटका थाना झूंसी से सहायता मांग कर उनकी बाइक पर बैठ गया।
वह तीनों बुधवार की रात लगभग एक बजे बाबूगंज से दशहरा मेला देखकर अपने घर वापस लौट रहे थे। जैसे ही सरायइनायत थाना क्षेत्र के सहसों पुलिस चौकी अंतर्गत प्रयागराज फूलपुर मार्ग सहसों बाई पास पर इनायतपुर गांव के सामने पहुंचे थे कि किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। जिससे अनुज भारतीय और सत्यम यादव की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बाइक पर सवार रंजीत गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे एंबुलेंस से एसआरएन अस्पताल प्रयागराज में इलाज के लिए भर्ती कराया गया। जहां पर उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई हैं।