छोटा आड़हरा गांव निवासी एक युवक की रविवार शाम धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। पांच साल पहले किए गए प्रेम विवाह से उपजी रंजिश को वारदात की वजह बताई जा रही है। पुलिस पहुंची तो आक्रोशित परिजनों ने शव उठाने से मना कर दिया। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। अधिकारियों के सख्त कार्रवाई के आश्वासन पर माने।
भारत यादव (25) पुत्र छोटे लाल यादव बाहर रहकर ट्रक चलाता था। शाम को वह अपने घर की ओर लौट रहा था, तभी घर से करीब 200 मीटर पहले घात लगाए बैठे आरोपियों ने उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा और मौत हो गई।
परिजनों के अनुसार भारत ने करीब पांच वर्ष पड़ोसी अशोक पांडेय की नातिन रुचि पांडेय से प्रेम विवाह किया था। इसी बात को लेकर दोनों परिवारों के बीच रंजिश चली आ रही थी। आरोप है कि अशोक पांडे, उसके बेटे अभय पांडेय समेत दो बेटों और भाई गूंगा ने साजिश के तहत घटना को अंजाम दिया।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे, पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। एडिशनल एसपी राजेश कुमार सिंह, सीओ शिवांग सिंह सहित कई थानों की पुलिस घटना स्थल पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी करने लगी तो परिजनों और ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा।
रात करीब 10 बजे शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा सका। सीओ शिवांग सिंह के मुताबिक, प्राथमिक जांच में सामने आया है कि प्रेम विवाह ही हत्या कारण है।
भारत यादव दो भाइयों में बड़ा था। परिवार में पत्नी रुचि और दो साल की एक बेटी है। घटना के समय घर पर उसके पिता, मां, पत्नी और बहन मौजूद थे। पिता खेती-किसानी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं, जबकि छोटा भाई पुणे में रहकर निजी क्षेत्र में नौकरी करता है।