मंझनपुर। सिराथू कस्बे की एक महिला के इकलौते बेटे का भूमि कब्जाने की नीयत से पड़ोस के दबंगों ने अपहरण कर लिया। पीड़िता ने शनिवार को शिकायत एसपी से की है। एसपी ने सैनी कोतवाल को कार्रवाई का निर्देश दिया है।
सिराथू निवासी सुनीता देवी ने बताया कि उसके पति सुंदर की कई साल पहले मौत हो चुकी है। पीड़िता की मानें तो गांव में उसकी भूमि है। इसमें पड़ोसी दबंगों की काफी दिनों से नजर लगी हुई थी। भूमि कब्जाने के लिए करीब पांच दिन पहले दबंगों ने इकलौते बेटे प्रमोद का अपहरण कर लिया। जानकारी होने पर महिला बेटे के बारे में पूछने गई तो आरोपियों ने उसे जान से मार डालने की धमकी दी। कहा कि जमीन नहीं बेची तो बेटे को मौत के घाट उतारकर लाश भी गायब कर दी जाएगी। धमकी से महिला सहमी हुई है। स्थानीय स्तर पर कार्रवाई नहीं होने से परेशान होकर शनिवार को उसने एसपी से शिकायत की। एसपी प्रदीप गुप्ता का कहना है कि सैनी कोतवाल को आरोपों की जांच कर कार्रवाई करने का निर्देश दे दिया गया है।