बाइक की टक्कर से घायल कौशाम्बी क्षेत्र के मुस्तफाबाद गांव निवासी युवक की निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। पिता चंद्रशेखर ने बताया कि शनिवार शाम सत्यम (18) बाइक से अपने साथी छोटू के साथ किसी काम से परौवा गांव गया था। रात करीब साढ़े आठ बजे दोनों बाइक से वापस लौट रहे थे। ककरहाई गांव के पास सामने से आ रही बाइक से उनकी बाइक की टक्कर हो गई। हादसे में सत्यम गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं छोटू को मामूली चोट आई थी। सत्यम को परिजनों ने प्रयागराज के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां शनिवार रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
परिजन रात में ही शव लेकर मुस्तफाबाद गांव पहुंचे और पुलिस को घटना की सूचना दी। कौशाम्बी पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया। रविवार को सत्यम का अंतिम संस्कार कर दिया। थानाध्यक्ष जगदीश कुमार का कहना है कि पिता की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।