कोखराज कोतवाली क्षेत्र के ककराबाद स्थित गंगा घाट पर साथियों के साथ स्नान के लिए गया युवक गहरे पानी में समा गया। साथी को डूबता देख युवकों ने शोर मचाया तो स्थानीय गोताखोर पानी में कूद पड़े। घंटों मशक्कत के बाद युवक का शव बाहर निकाला गया। घटना से पीड़ित परिवार में कोहराम है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कोखराज कोतवाली के नौढिया गांव निवासी मुन्नीलाल सरोज मजदूरी करता है। नवरात्र के पहले दिन शनिवार को उसके बेटे ऋषि कुमार (19) ने अपने साथी प्रवीण, गोलू व छोटे के साथ गंगा स्नान का प्लान बनाया। इसके बाद सुबह सभी लोग साइकिल से गंगा स्नान के लिए ककराबाद स्थित गंगा घाट गए।
सभी लोग नहाने लगे तभी पैर फिसलने से ऋषि कुमार गहरे पानी में समा गया। साथी को डूबता देख उसके साथ रहे युवकों ने शोर मचाया। शोरगुल सुनकर घाट पर रहे गोताखोर काफी मशक्कत के बाद ऋषि कुमार को खोजने में कामयाब हुए। ऋषि को इलाज के लिए ले जाया जाता, इससे पहले उसकी मौत हो चुकी थी। दोस्तों की सूचना पर परिवार के लोग भी रोते-बिलखते मौके पर पहुंचे। परिजनों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।