हादसे में बाइकसवार की युवक की मौत, साथी घायल
रविवार दोपहर चरवा के अरई सुमेरपुर के पास हुआ हादसा
चरवा। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के अरई सुमेरपुर गांव के समीप सड़क के किनारे लगे एक स्कूल के साइन बोर्ड से टकराकर बाइकसवार एक युवक की मौत हो गई। साथी गंभीर रूप से जख्मी हो गया। उसे स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कोखराज कोतवाली क्षेत्र के मोहम्मदपुर असवां गांव निवासी राधेश्याम (35) पुत्र पितई खेती करके परिवार का खर्च चलाता था। रविवार दोपहर वह गांव के ही रामराज (40) पुत्र बैजू के साथ बाइक से किसी काम के सिलसिले में मनौरी बाजार जा रहा था। जैसे ही ये लोग चरवा थाना क्षेत्र के अरई सुमेरपुर स्थित मोड़ के पास पहुंचे तभी किसी वाहन को बचाने के चक्कर उनकी बाइक बेकाबू होकर सड़क किनारे लगे साइनबोर्ड से टकरा गई। इससे राधेश्याम की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि साथी रामराज गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायल को नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया। हालत में सुधार न होने पर रामराज को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने मौत की जानकारी परिजनों को दी। परिवार के लोग पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए।