अनियंत्रित टैंकर की टक्कर से युवक की मौत, साथी घायल
कोखराज कोतवाली के सैंता पावर हाउस के समीप हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
मूरतगंज। कोखराज कोतवाली के सैंता पावर हाउस के समीप शनिवार रात एक बेकाबू टैंकर की चपेट में आने से बाइकसवार एक युवक की मौत हो गई। हादसे में साथी गंभीर रूप से जख्मी हो गया। हादसे की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जख्मी युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। हादसे के बाद चालक टैंकर समेत मौके से भाग निकला। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया जाता है कि आसिफ पुत्र आशिक अली निवासी चपहुआ और शकील पुत्र शफीक अहमद निवासी मझियावां एक बाइक से मूरतगंज की तरफ जा रहे थे। इसी बीच ये लोग सैंता पावर के सामने पहुंचे। इस दौरान एक बेकाबू टैंकर ने बाइक में टक्कर मार दी। घटना में एक युवक टैंकर में फंसकर काफी दूर तक घिसटता हुआ चला गया। जबकि दूसरा मौके पर ही कराह रहा था। स्थानीय लोगों के शोर मचाने पर चालक टैंकर की रफ्तार बढ़ाकर भाग निकला। लोग मौके पर पहुंचे देखा तो आसिफ की मौत हो चुकी थी। जबकि शकील की सांस चल रही थी। लोगों ने हादसे की जानकारी कोखराज पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जख्मी शकील को जिला अस्पताल भेजा। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।