कोतवाली के मलाक भायल के समीप शुक्रवार रात हाईवे पर बने डिवाइडर पर खड़े व्यक्ति को अनियंत्रित ट्रेलर ने कुचल दिया। घटना से गुस्साई भीड़ ने चक्काजाम कर दिया। लोग आरोपी चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे। सूचना पर पहुंची पुलिस पर पथराव भी किया गया। इसके बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। हाईवे पर दोनों तरफ जाम लग गया। बाद में पुलिस ने लोगों को किसी तरह मामला शांत कराया।
मलाक भायल निवासी विशुन (45) किसानी करता था। शुक्रवार रात करीब 8.45 बजे वह गांव के पास से गुजरे नेशनल हाईवे के डिवाइडर पर खड़ा होकर सड़क पार करने के लिए वाहन गुजरने का इंतजार कर रहा था।
इस दौरान कानपुर की ओर से प्रयागराज की तरफ जा रहे दो ट्रेलर के चालक एक-दूसरे की गाड़ी ओवरटेक करने लगे। इसी दौरान एक ट्रेलर चालक ने गाड़ी से नियंत्रण खो दिया। इसके बाद टेलर ने डिवाइडर में खड़े विशुन को कुचल दिया। ट्रेलर का पहिया चढ़ने से विशुन की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ट्रेलर चालक गाड़ी छोड़कर भाग निकला। उधर, घटना की जानकारी से गांव के लोग उग्र हो गए। लोगों ने हाईवे पर चक्काजाम कर पथराव शुरू कर दिया।
इससे दोनों लेन के वाहन जहां-तहां खड़े हो गए। सूचना के बाद कोखराज कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन लोग पथराव बंद नहीं कर रहे थे। ग्रामीण आरोपी चालक की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। बाद में सीओ सिराथू डॉ. केजी सिंह, सैनी कोतवाली पुलिस के साथ पहुंचे। सीओ ने लोगों को समझाबुझाकर शांत कराया। इसके बाद रात करीब साढ़े नौ बजे हाईवे पर आवागमन बहाल हो सका। इस दौरान हाईवे पर लोग जाम से परेशान रहे। घटना से पीड़ित परिवार में कोहराम है। विशुन के बच्चे नहीं थे वह पत्नी के साथ अकेला रहता था।
-