एकतरफा प्रेम में युवक ने कर लिया आत्मदाह
- खुदकुशी से पहले महिला को पीटा, सिमकार्ड भी तोड़ा
संवाद न्यूज एजेंसी
मंझनपुर (कौशाम्बी)। नगर कोतवाली इलाके के एक गांव में मंगलवार सुबह रिश्तेदार के घर आए युवक ने रसोईघर में खुद को आग के हवाले कर लिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। वह रिश्तेेदार की पत्नी से एकतरफा प्रेम करता था। आत्महत्या से पहले उसने महिला से मारपीट भी की थी। वारदात की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव बाहर निकालने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के परिजनों की ओर से फिलहाल पुलिस को तहरीर नहीं दी गई है।
पश्चिमशरीरा कोतवाली क्षेत्र के रतन का पूरा (पूरबशरीरा) गांव निवासी पांडेय सरोज उर्फ रघुवीर (32) पुत्र दुलीचंद मजदूरी करके परिवार का खर्च चलाता था। मंझनपुर क्षेत्र में उसका रिश्तेदार रहता है। सीओ सिटी एसएन पाठक ने बताया कि रिश्तेदार की बीवी से वह एकतरफा प्रेम करता था। इसे लेकर वो महिला को काफी दिनों से परेशान कर रहा था। मना करने के बाद भी उसके मोबाइल पर फोन किया करता था। बताया जाता है कि मंगलवार सुबह पांडेय सरोज महिला के घर आया और इसी हरकतों की वजह से महिला से उसकी कहासुनी हो गई। इसी के बाद पांडेय सरोज ने सिर पर डंडे से वार कर महिला का सिर फोड़ दिया। उस वक्त महिला के घर पर कोई पुरुष नहीं था। लिहाजा उसने यूपी-112 पुलिस को फोन कर दिया। तब तक शोर-शराबा सुन ग्रामीणों की भीड़ भी इकट्ठा होने लगी। ऐसे में खुद को फंसता देख पहले पांडेय सरोज ने महिला के मोबाइल का सिमकार्ड तोड़कर फेंक दिया। फिर किचन में दरवाजा बंद कर उसने अपने आप को आग के हवाले कर लिया। उधर, घटना की जानकारी मिलते ही एसपी अभिनंदन, सीओ सिटी एसएन पाठक तथा कोतवाली अशोक कुमार फोर्स लेकर मौके पर पहुंचे। अग्निशमन कर्मचारियों ने किचेन की दीवार तोड़ मृतक का शव बाहर निकाला। खबर पाकर मृतक के परिवार वाले भी घटनास्थल पहुंच गए थे।
----
इनका कहना है
युवक काफी दिनों से महिला को परेशान कर रहा था। मंगलवार को मना करने के बाद भी वह महिला के घर गया। उसकी पिटाई की। मोबाइल का सिम तोड़ दिया। पुलिस को खबर करने और ग्रामीणों के इकट्ठा होने पर उसने आत्मदाह कर लिया।
अभिनंदन-एसपी