मंझनपुर। रक्तदान दिवस पर स्वैच्छिक रक्तदान के लिए एक अक्तूबर को जिला चिकित्सालय मंझनपुर में अमर उजाला की ओर से शिविर का आयोजन किया गया है। एनीमिया से जूझ रहे बच्चों और महिलाओं की जान बचाने को आयोजित इस रक्तदान शिविर में रक्तदान के लिए युवा जमात में जबरदस्त उत्साह है। तमाम लोगों ने अमर उजाला पहुंचकर स्वैच्छिक रक्तदान की इच्छा जाहिर की है।
रक्तदान करके दुर्घटना के शिकार अथवा अन्य गंभीर बीमारियों से जूझ रहे व्यक्तियों को नया जीवन दिया जा सकता है। इसी संदेश के साथ राष्ट्रीय रक्तदान दिवस पर जिला अस्पताल में 1 अक्तूबर को अमर उजाला की ओर से शिविर का आयोजन किया गया है। जरूरतमंदों को नई जिंदगी देने के इस अभियान में शामिल होने को युवा पीढ़ी तैयार है।
रविवार को कई युवकों ने संपर्क करके स्वैच्छिक रक्तदान की इच्छा जाहिर की है। उधर, स्वास्थ्य विभाग ने भी बैठक कर रक्तदान को लेकर अपनी तैयारियां शुरू कर दी है। जिला अस्पताल के फिजीशियन और ब्लड बैंक के प्रभारी डॉ. अरविंद कनौजिया ने जानकारी दी कि रक्तदान से उस व्यक्ति को नई जिंदगी दी जा सकती है जो खून की कमी के कारण जीवन की आखिरी सांसें गिन रहा होता है। उन्होंने सभी लोगों से इस रक्तदान अभियान में सहभागिता का आह्वान किया है।
रक्तदान महादान जानें कुछ खास
0 कोई भी स्वस्थ व्यक्ति अथवा महिला तीन महीने के अंतराल में रक्तदान कर सकता है
0 18 से 60 साल की उम्र का कोई भी व्यक्ति रक्तदान कर सकता है
0 रक्तदान करने से शरीर में तनिक भी कमजोरी नहीं आती है
0 दान किए गए एक यूनिट खून की पूर्ति शरीर सिर्फ 12 घंटे के भीतर कर लेता है
0 रक्तदान से शरीर में नया खून बनता है। इससे स्वास्थ्य भी बेहतर रहता है।