अजुहा कस्बे में राममिलन की मौत के बाद घटना की जांच करती पुलिस। संवाद
कस्बा स्थित मोक्ष धाम के समीप हाईवे पार करते समय एक युवक को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। युवक की मौत से पीड़ित परिवार का हाल-बेहाल है।
सैनी के अजुहा कस्बे के वार्ड नंबर 11 नेता नगर निवासी गंगा सागर उर्फ कल्लू का 38 वर्षीय बेटा राम मिलन कांशीराम काॅलोनी में अपनी मा ब्रह्म देवी व बड़े भाई राकेश कुमार के साथ रहता था। रविवार रात राममिलन किसी काम से स्थानीय बाजार की तरफ गया था।
रात करीब 11 बजे कस्बा स्थित मोक्ष धाम के समीप हाईवे पार करते समय फतेहपुर की ओर से आए किसी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी।
हादसे में मौके पर ही उसकी मौत हो गई। सूचना के बाद आए अजुहा चौकी प्रभारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने मौका मुआयना कर औपचारिकताएं पूरी कीं। इस दौरान उसके परिवारीजन रोते-बिलखते रहे।