कड़ा में गंगा में समाया युवक, तलाश जारी
अमर उजाला ब्यूरो
कड़ा। चंदौली से परिवार सहित दर्शन-पूजन करने आया एक युवक बुधवार सुबह कड़ा के कुबरी घाट पर गंगा की लहरों में समा गया। उसकी तलाश के लिए जल पुलिस हर संभव प्रयास कर रही है। फिलहाल युवक का सुराग नहीं लग सका है। अनहोनी की आशंका से परिजन सहमे हुए हैं।
चंदौली जिले के मुगलसराय थाना स्थित कालीमहल मोहल्ले का पवन गुप्ता (38) पुत्र शंकरलाल बुधवार सुबह पत्नी नीतू, बेटी श्रुति, बेटे देवांश व मौसेरे भाई बब्लू के साथ दर्शन-पूजन करने शक्तिपीठ कड़ा धाम आया था। कुबरी घाट पर नहाते वक्त अचानक पैर फिसलने से वह गंगा की लहरों में समा गया। यह देख परिजन चीख पड़े। स्थानीय गोताखोरों ने युवक को खोजने का प्रयास किया। पर, कामयाबी नहीं मिली। सूचना पाकर पहुंची कड़ा धाम कोतवाली पुलिस ने जाल डलवाया। सफलता नहीं मिलने पर शाम को प्रयागराज से जल पुलिस बुलवाई गई। जल पुलिस युवक को तलाशने का हर संभव प्रयास कर रही है। अनहोनी की आशंका से पीड़ित परिवारीजनों की रो-रोकर हालत खराब है। मामले में कड़ा कोतवाल बलराम सिंह का कहना है कि युवक को जिंदा खोजने का प्रयास जारी है। उम्मीद है कि जल्द ही सफलता मिल जाएगी।