एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के भगवतपुर में युवका खून से लथपथ शव मिला। पुलिस शिनाख्त करने में जुट गई है। आशंका जाहिर की जा रही है कि कहीं दूसरी जगह हत्या करने के बाद शव को यहां लाकर फेंका गया है।
एयरपोर्ट कोतवाली के भगवतपुर गांव में एक युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। सोमवार सुबह खून से लथपथ शव सड़क के किनारे पड़ा मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस छानबीन में जुट गई। शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
विज्ञापन
एयरपोर्ट कोतवाली के भगवतपुर तिराहा के समीप सोमवार की सुबह कुछ लोगों ने सड़क किनारे पड़े करीब 25 वर्षीय युवक के शव को देखा। खून से लथपथ शव के मिलने की जानकारी ग्रामीणों को हुई तो घटना स्थल पर काफी भीड़ जमा हो गई। प्रत्यक्ष दर्शियों के मुताबिक सीने, कंधा, सिर और हाथ में कई जगह चाकू से गोदने के निशान हैं। शरीर पर काले रंग की टीशर्ट और जींस है। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों से शव की शिनाख्त कराने का काफी प्रयास किया। शव की शिनाख्त न होने पर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज जांच शुरु कर दिया है।