कहा - सुप्रीम कोर्ट के न्यायमूर्ति विक्रम नाथ और इविवि की कुलपति प्रो. संगीता श्रीवास्तव का बच्चों के बीच अभिभावक के रूप में मौजूद रहना सराहनीय
संवाद न्यूज एजेंसी
मंझनपुर। महेश्वरी प्रसाद इंटर कॉलेज के वार्षिकोत्सव में मुख्यमंत्री आदित्यनाथ को जब मालूम चला कि यहां 2526 बच्चों में 1353 छात्राएं हैं तो वह काफी खुश हुए। उन्होंने कहा कि यह शुभ संकेत है। बेटियां यहां अपना स्थान बना चुकी हैं। वे अपने को साबित कर रही हैं।
कॉलेज के वार्षिकोत्सव में पहुंचे सीएम योगी आदित्यनाथ ने स्कूल के संस्थापक प्रबंधक स्व. देवेंद्र नाथ श्रीवास्तव और उनके पूर्वज बाबू महेश्वरी प्रसाद को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने इस बात पर हर्ष जताया कि सुप्रीम कोर्ट के न्यायमूर्ति विक्रम नाथ और इलाहाबाद विश्वविद्यालय की कुलपति संगीता श्रीवास्तव जैसी हस्तियां बच्चों के बीच अभिभावक के रूप में मौजूद रहती हैं।
सीएम ने पुस्तकालयों को डिजिटल लाइब्रेरी के रूप में स्थापित करने पर भी बल दिया। कहा कि इस कॉलेज में ही नहीं, आलमचंद और पूरे कौशाम्बी में शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने में जो समस्या आएगी उसे सरकार दूर कराएगी।
कॉफी टेबल बुक का विमोचन
मंझनपुर। इलाहाबाद विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. संगीता श्रीवास्तव ने सीएम को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया। सीएम ने विश्वविद्यालय के इतिहास से जुड़ी कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया। विद्यालय के संरक्षक व सुप्रीम कोर्ट के न्यायमूर्ति विक्रम नाथ ने सीएम को इलाहाबाद विश्वविद्यालय के फाइन आर्ट्स के विद्यार्थियों द्वारा तैयार किया गया स्मृति चिह्न भेंट किया।
यह भी रहे मौजूद
वार्षिकोत्सव में प्रदेश के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, प्रमुख सचिव गृह एवं सूचना संजय प्रसाद, सांसद विनोद सोनकर, जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना सोनकर, एडीजी भानु भाष्कर, आईजी चंद्र प्रकाश, डीएम सुजीत कुमार, एसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव, स्कूल के प्रधानाचार्य जितेंद्र नाथ आदि मौजूद रहे।