घर से 10 किलोमीटर दूर फंदे पर लटका मिला युवक
- पिपरी कोतवाली के कसेंदा गांव में हुई घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
चायल। पिपरी कोतवाली के कसेंंदा गांव में एक युवक का शव पेड़ में फंंदे से लटका मिला। घर से 10 किलोमीटर दूर मिले युवक के शव की शिनाख्त कराने में पुलिस को चार घंटे लग गए। पुलिस की सूचना पर पहुंची फोरेंसिक ने भी जांच पड़ताल कर साक्ष्य संकलित किया।
प्रयागराज के पूरामुफ्ती कोतवाली इलाके के शेखपुर इब्राहिमपुर गांंव निवासी राजू सरोज (40) कामगार था। राजू की पत्नी रुक्मिणी देवी के मुताबिक वह गांव के ही चंद्रिका की आटा चक्की की दुकान में मजदूरी पर करता था। मंगलवार को वह बाजार से मीट लाए थे। बेटे आकाश ने बताया की रात करीब नौ बजे चक्की का काम खत्म करने से पहले पिता ने उसे मीट देकर घर भेज दिया। इसके बाद वह दुकान में ताला लगा कर घर के लिए निकला। इसके बाद राजू का कुछ पता नहीं चला। देर रात तक राजू के घर नहीं पहुंचने पर पत्नी ने पड़ोसियों के साथ खोजबीन शुरू की। बुधवार सुबह पता चला कि राजू का शव पिपरी कोतवाली के कसेंदा गांव में ससुर खदेरी नदी के किनारे शीशम के पेड़ से फंदे से लटक रहा है। शव मिलने की जानकारी के बाद करीब चार घंटे बाद पहुंचे परिजनों ने कपड़े व फोटो के आधार पर पहचान की। स्थानीय लोगों में चर्चा रही कि राजू की हत्या कर शव फंदे से लटकाया गया है। इंस्पेक्टर दिनेश सिंह परिहार का कहना है कि घरवालों की तरफ से कोई तहरीर नहीं मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारण का पता चल सकेगा।
-
वर्जन
शव मिलने की सूचना पर पुलिस ने विधिक कार्रवाई की है। मामला खुदकुशी का लग रहा है।
अशोक वर्मा, एएसपी