यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने से तिरहार के गांवों में बाढ़ का खतरा। फोटो संवाद
यमुना नदी का जलस्तर बीते दो दिनों से लगातार बढ़ रहा है। इससे तिरहार क्षेत्र के तटवर्ती गांवों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। महेवाघाट, नौबस्ता, शाहपुर, भवनसुरी, हटवा, रायपुर, डेढ़ावल और बड़हरी समेत आसपास के गांवों के लोगों की चिंता बढ़ी है। इन गांवों में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। वहीं, प्रशासन की ओर से चौकसी बढ़ा दी गई है।
अन्य राज्यों में हुई बारिश की वजह से आ रहा यमुना का पानी लोगों की परेशानी बढ़ा रहा है। सबसे ज्यादा चिंता तटवर्ती इलाके के लोगों की बढ़ी है। खेतों में पहले से ही पानी भरा है। फसलें प्रभावित हो रही हैं। अब लोगों को घरों तक पानी पहुंचने का डर सता रहा है।
तटवर्ती गांवों पर प्रशासन की नजर
तहसीलदार मंझनपुर पुष्पेंद्र गौतम ने बताया कि प्रशासनिक टीमों ने यमुना नदी के जलस्तर और संभावित बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर बनाई हुई है। बाढ़ से निपटने की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। फिलहाल तिरहार क्षेत्र के किसी गांव में बाढ़ का पानी पहुंचने की सूचना नहीं है।
उन्होंने बताया कि अलवारा झील के फैलाव से फसल खराब होने के मामलों की जांच कराई जाएगी। जांच के आधार पर प्रभावित किसानों को नियमानुसार मुआवजा दिलाया जाएगा।