Worker's house collapsed due to dampness, death of old age
- फोटो : KAUSHAMBI
सदर तहसील के रसूलपुर बडगांव में सोमवार की भोर एक मजदूर का कच्चा घर सीलन से भरभरा कर ढह गया। घर के मलबे में दबने से एक वृद्धा की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद से पीड़ित परिवार में कोहराम है।
रसूलपुर बडगांव निवासी राम गुलाम सरोज मेहनत-मजदूरी कर परिवार का गुजारा करता है। राम गुलाम के मुताबिक सोमवार की भोर में उसके कच्चे घर की दीवार सीलन के कारण भरभराकर ढह गई। इस दौरान घर के अंदर सो रही उसकी 70 वर्षीय पत्नी गुलाबिया देवी मलबे में दब गई।
परिवार वालों के शोर मचाने पर जुटे पड़ोसियों ने आननफानन मलबा हटाकर वृद्धा को बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल वृद्धा को परिजन इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जा रहे थे। लेकिन रास्ते में ही उसकी सांसें थम गईं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सरकारी आवास मिला होता तो बच जाती वृद्धा की जान
रसूलपुर बड़गांव निवासी रामगुलाम सरोज दिहाड़ी मजदूर है। गांव में ही रहकर मजदूरी कर परिवार का खर्च चलाता है। रामगुलाम का आरोप है कि प्रधानमंत्री आवास के लिए उसने कई बार आवेदन किया। पात्रता सूची में नाम भी आया था, लेकिन उसे पीएम आवास अथवा अन्य कोई भी सरकारी लाभ नहीं दिया गया। उसका कहना है कि यदि पक्का घर होता तो उसके पत्नी की जान बच जाती।