महेवाघाट कोतवाली के मुबारकपुर गांव के एक युवक की संदिग्ध हालत में गुजराज में मौत हो गई। युवक का शव लेकर उसका साथी गांव आया तो कोहराम मच गया। साथी का कहना है कि बीमारी के कारण युवक की मौत हुई है। परिजनों ने अनहोनी की आशंका जाहिर करते हुए पुलिस को खबर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मुबारकपुर निवासी ननका खेती करके परिवार का भरण पोषण करता है। उसका 28 वर्षीय बेटा छोटू गुजरात के बागरा शहर में रहकर प्राइवेट काम करता था। उसके साथ गांव का ही रघु भी रहता था।
परिवार वालों का कहना है कि 12 जून को ही छोटू गुजरात गया था। दो दिन बाद वह गुजरात के बागरा शहर पहुंच गया। पहुंचने के बाद छोटू ने अपनी पत्नी सलोनी से फोन पर बातचीत की। इसके बाद उसकी संदिग्ध हाल में मौत हो गई। शुक्रवार की शाम साथी रघु का फोन परिवार वालों के पास आया।
उसने बताया कि छोटू बीमार था। वह उसे लेकर गांव वापस लौट रहा था, लेकिन चित्रकूट के कर्बी पहुंचते ही बस में उसकी मौत हो गई। कर्बी में रह रहे छोटू के रिश्तेदार की मदद से वह शव लेकर आ रहा है। मौत की खबर सुन परिवार वालों के होश उड़ गए।
शनिवार की सुबह मौके पर पहुंचे इंस्पेक्टर राकेश तिवारी ने परिजनों से पूछताछ की। इंस्पेक्टर का कहना है कि बीमारी से मौत की बात बताई जा रही है। शरीर में स्याह निशान भी हैं। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण साफ हो पाएगा।