Worker dies after being hit by an uncontrollable vehicle
- फोटो : KAUSHAMBI
कोखराज कोतवाली के मितवापुर गांव के समीप बुधवार रात बेकाबू वाहन की चपेट में आकर मजदूर सुनील कुमार (35) की मौत हो गई। प्रयागराज से मजदूरी करने के बाद वह टेंपों से मितवापुर मोड़ उतरने के बाद पैदल घर जा रहा था। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस उसे अस्पताल ले गई जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मितवापुर गांव का सुनील कुमार (35) प्रयागराज में मजदूरी करता है। रात को काम निपटाने के बाद वह टेंपो से घर आ रहा था। नेशनल हाईवे पर मितवापुर मोड़ पर उतरने के बाद सुनील पैदल घर जा रहा था कि किसी तेज रफ्तार वाहन ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। सड़क से गुजर रहे राहगीरों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी।
मौके पर पहुंची पुलिस एंबुलेंस से सुनील को इलाज के लिए सीएचसी मूरतगंज लाई। यहां चिकित्सकों ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया। सुनील अपने पीछे पत्नी मालती और दो बेटे व दो बेटियों का परिवार छोड़ गया है। उसकी मौत से घरवालों का रो-रोकर बुरा हाल है। मामले में पुलिस ने मालती की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।