मारपीट की घटनाओं में महिला समेत चार घायल
पुरानी रंजिश में करारी और पिपरी क्षेत्र में हुई घटनाएं, रिपोर्ट दर्ज
चायल/करारी (ब्यूरो)। पुरानी रंजिश में मंगलवार को करारी और पिपरी इलाके में दबंगों ने महिलाओं समेत चार लोगों को पीटकर लहूलुहान कर दिया। मारपीट देख मौके पर पहुंचे गांव के लोगों ने बीच-बचाव करते हुए मामला शांत कराया। ग्रामीणों के हस्तक्षेप के बाद हमलावर धमकी देते हुए भाग निकले। घायलों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस घटना की छानबीन में जुटी है।
बता दें कि करारी कोतवाली क्षेत्र के सल्लाहा गांव निवासी राजेन्द्र का पड़ोसी से जमीन संबंधी विवाद चल रहा है। मंगलवार की सुबह इसी अदावत में पड़ोसी ने उसकी बहन रानी देवी को पीट दिया। इसी तरह पिपरी कोतवाली के गौसपुर कटौहला गांव की रहने वाली शबनम बानो को पड़ोसी युवको ने पीटकर लहूलुहान कर दिया। वहीं पिपरी के मैनापुर गांव में दबंगों ने सगे भाई रघुवर और रमेश को पीटकर लहूलुहान कर दिया। मारपीट देख गांव के अन्य लोग भागकर घटनास्थल पर पहुंचे। ग्रामीणों के विरोध् पर हमलावर धमकी देते हुए भाग निकले। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराने के बाद पुलिस ने हमलावरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।