मंझनपुर। पुलिस अधीक्षक ने बृहस्पतिवार को पुलिस लाइन में सैनिक सम्मेलन के साथ अपराध समीक्षा बैठक की। इस दौरान जहां एसपी ने जहां सिपाहियों और पेशनरों की समस्याएं सुनीं। समाधान का आदेश सीओ और थानेदारों को दिया। वहीं कोतवाली प्रभारियों को महिला उत्पीड़न के मामले में सख्ती दिखाने की हिदायत दी। चेताया कि लापरवाही अथवा शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक रतनकांत पांडेय ने बृहस्पतिवार को पुलिस लाइन में पुलिस कर्मियों की समस्याएं सुनने को गोष्ठी की। इस दौरान रिटायर्ड सिपाही और दरोगाओं की समस्याएं सुनकर जल्द से जल्द इनके निस्तारण का भरोसा उन्हें दिलाया। इसके बाद उन्होंने कोतवाली प्रभारियों के साथ बैठक करके जिले की कानून व्यवस्था का जायजा लिया। महीने भर में हुई घटनाओं के साथ इनकी खुलासे की प्रगति खंगाली। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि लंबित मामलों का निस्तारण तत्काल किया गया।
इस दौरान उन्होंने महिला उत्पीड़न की शिकायत पर तत्काल कार्रवाई का निर्देश दिया। कहा कि इसमें किसी भी तरह की कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। शिकायत मिलने अथवा जांच में महिला उत्पीड़न के मामले में लापरवाही मिलने पर सीधे थानाध्यक्ष जिम्मेदार माने जाएंगे। उनके खिलाफ कार्रवाई होगी। वहीं एसपी ने आपराधिक घटनाओं के खुलासे में गंभीरता दिखाने की हिदायत भी दी। कहा कि जब भी कोई घटना होने की सूचना मिले।
थानेदार को तत्काल मौके पर पहुंचना होगा। अपराधिक घटनाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने एक-एक एसओ की उन्होंने क्लास भी ली। चोरी, लूट की बढ़ती वारदातों पर उन्हें कर्रा किया। अपराध समीक्षा बैठक में एएसपी अनिल कुमार सिंह, सीओ सिटी पुर्णेन्दु सिंह, सीओ चायल आलोक कुमार मिश्र, सीओ सिराथू जर्नादन प्रसाद तिवारी आदि पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।