कनैली चौराहा स्थित निजी अस्पताल में महिला की मौत के बाद जांच करती पुलिस। संवाद
सरायअकिल कोतवाली क्षेत्र के कनैली चौराहा स्थित एक निजी अस्पताल में बुधवार को बुखार से पीड़ित महिला की मौत हो गई। परिजनों ने डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल प्रबंधन पर कार्रवाई की मांग की है। परिजनों की शिकायत पर स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल सील कर दिया।
गुरौली गांव की 27 वर्षीय कमलावती पत्नी स्व. रंजीत कुमार को कई दिनों से बुखार आ रहा था। मंगलवार को तेज बुखार आने पर परिजन उसे कनैली चौराहा स्थित निजी अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टर ने उसे भर्ती कर इलाज शुरू कर दिया। रात 12 बजे तक भी उसकी तबीयत में सुधार नहीं हुआ। परिजनों की ओर से पूछे जाने पर डॉक्टर ने बताया कि मरीज का प्लेटलेट्स गिर रहा है। दवा का असर सुबह तक हो जाएगा।
बुधवार सुबह महिला की मौत हो गई। यह सुनते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। बताते हैं कि इस दौरान अस्पताल के डॉक्टर और कर्मचारी मौके से भाग गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सरायअकिल थानाध्यक्ष वीर प्रताप सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। पोस्ट मार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कार्रवाई की जाएगी।
घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल को सील कर दिया गया है। जांच होने के बाद दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। - डॉ. मुक्तेश द्विवेदी, सीएचसी प्रभारी
कनैली चौराहा स्थित निजी अस्पताल में महिला की मौत के बाद जांच करती पुलिस। संवाद