प्रसव के बाद रक्तस्राव महिला की मौत के बाद अस्पताल की जांच करती स्वास्थ्य टीम। स्रोत: विभाग
पिपरी कोतवाली के तिल्हापुर मोड़ स्थित एक अस्पताल में महिला की मौत के दूसरे दिन स्वास्थ्य विभाग की टीम जांच करने पहुंची। टीम को देखते ही अस्पताल परिसर में हडकंप मच गया। टीम ने अभिलेखों की जांच कर संचालक को नोटिस देते हुए शुक्रवार को सीएमओ कार्यालय बुलाया है।
चित्रकूट जिले के कर्वी कोतवाली क्षेत्र के भैरों पागा की पूजा पटेल (25) पत्नी उमेश कुमार रक्षाबंधन पर अपने मायके पिपरी कोतवाली के नगर पंचायत चायल के सरैंया मोहल्ला आई थी। पर्व के बाद परिजनों ने उसे प्रसव कराने के लिए मायके में ही रोक लिया था। मंगलवार को प्रसव पीड़ा के चलते परिजनों ने उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चायल में भर्ती कराया था।
सीएचसी के डॉक्टरों ने उसका सामान्य प्रसव कराया। प्रसव के दौरान महिला ने बच्ची को जन्म दिया। प्रसव के बाद अधिक रक्तस्राव होने के कारण महिला की हालत बिगड़ने लगी। हालत गंभीर होने पर डाॅक्टरों ने उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। परिजनों ने महिला को तिल्हापुर मोड़ स्थित एक हॉस्पिटल में भर्ती कराया। जहां रात में ही इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई।
परिजन डाॅक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाकर अस्पताल परिसर में हंगामा करने लगे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। जानकारी मिलने के बाद सीएमओ डॉ. संजय कुमार ने मामले की जांच करने के लिए सरायअकिल सीएचसी प्रभारी डाॅ.ललित सिंह की अगुवाई में टीम का गठन किया।
बृहस्पतिवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम के पहुंचते ही अस्पताल में हड़कंप मच गया। टीम ने अभिलेखों की जांच के बाद अस्पताल संचालक को नोटिस देते हुए शुक्रवार को सीएमओ कार्यालय में पेश होने के निर्देश दिए।