मकान के बेसमेंट में उतरे करंट की चपेट में आने से महिला की दर्दनाक मौत हो गई। घटना की जानकारी होने पर परिजनों में चीख पुकार मच गई। पुलिस को सूचना दिए बिना परिजन शव लेकर घर चले गए।
प्रयागराज के रहने वाले सुशील कुमार पिछले करीब दो वर्षों से लालगंज कोतवाली के हरनाहर बाजार में सुधीर कुमार पांडेय के मकान में किराये पर पत्नी और तीन बच्चों के साथ रह रहे हैं। सुशील कुमार किसी काम से दिल्ली गए हुए थे। शुक्रवार सुबह उनकी पत्नी सुशीला देवी किसी काम से मकान के नीचे स्थित बेसमेंट में गई थीं। इसी दौरान वह वहां उतरे बिजली के करंट की चपेट में आ गईं।
महिला की चीख सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। आनन-फानन में परिजन और स्थानीय लोग सुशीला देवी को उपचार के लिए ट्राॅमा सेंटर लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पत्नी की मौत की खबर मिलते ही दिल्ली गए सुशील कुमार और परिवार के अन्य लोगों में कोहराम मच गया। परिजन ट्राॅमा सेंटर से शव लेकर घर चले गए। प्रभारी निरीक्षक आलोक कुमार ने बताया कि मामले में तहरीर मिलने पर नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।