फंदे से लटककर महिला ने दी जान
चायल। पिपरी कोतवाली क्षेत्र के बरेठी गांव में रविवार दोपहर संदिग्ध दशा में एक महिला का शव घर के भीतर फांसी के फंदे से लटकता मिला। घटना से पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया है। पुलिस तहरीर के आधार पर कार्रवाई की बात कह रही है।
बरेठी गांव निवासी हंसराज रैदास मजदूरी करके परिवार का खर्च चलाता है। बताया जाता है कि इधर बीच कुछ दिनों से उसकी पत्नी शकुंतला देवी (30) से अनबन चल रही थी। रविवार दोपहर घर के भीतर ही शकुंतला का शव धन्नी के सहारे रस्सी से फांसी के फंदे पर लटकता मिला। महिला को फंदे पर लटकता देख परिजन चीख पड़े। शोर-शराबा सुन मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो ेगई। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने जांच की। जांच के बाद पुलिस ने मृतका का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में पिपरी कोतवाल पवन त्रिवेदी का कहना है कि मायके वालों को खबर कर दी गई है। फिलहाल किसी पक्ष ने कोई तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिली तो रिपोर्ट लिखकर कार्रवाई की जाएगी।