कनवार गांव के सामने नेशनल हाइवे पर घटना के बाद राहगीरों की लगी भीड। संवाद
सैनी कोतवाली क्षेत्र के कनवार गांव के सामने हाईवे पार करते समय एक महिला की तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से मौत हो गई। हादसे के बाद चालक पिकअप लेकर फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
सैनी कोतवाली क्षेत्र के कनवार गांव निवासी श्रीदेवी (55) पत्नी स्व. सरोजे लाल गुप्ता शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे अपने पुत्र राममिलन के साथ बाइक से अपने मायके फतेहपुर जनपद के सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के हरदासपुर जा रही थीं।
बताया जाता है कि जैसे ही वे कनवार गांव के सामने नेशनल हाईवे पर पहुंचीं, बेटा राममिलन बाइक सहित डिवाइडर पार कर आगे निकल गया, जबकि श्रीदेवी पैदल ही सड़क पार करने लगीं। तभी प्रयागराज की ओर से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के चार पुत्र हैं जिनमें से तीन मुंबई में परिवार सहित रहते हैं, जबकि राममिलन गुजरात के सूरत में काम करता है और शुक्रवार को ही घर आया था।