पूरामुफ्ती कोतवाली क्षेत्र के मलाक मोहिउद्दीनपुर गांव में रविवार दोपहर जमीन के विवाद के चलते पट्टीदारों ने एक महिला को पीट-पीटकर मार डाला। पिटाई से उसका पति भी घायल हो गया। मृतका के पति की तहरीर पर आरोपी दंपति व उनके दो बेटों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज हो गई है। तनाव के मद्देनजर गांव में पीएसी की तैनाती कर दी गई है।
मलाक मोहिउद्दीनपुर निवासी राकेश कुमार किसानी करके परिवार का खर्च चलाता है। पट्टीदार महादेव पुत्र गजाधर से एक जमीन को लेकर उसका झगड़ा चल रहा है। राकेश की मानें तो रविवार दोपहर वह पत्नी सुखमीला (32) के साथ सिंचाई करने खेत गया था। तभी पट्टीदार अपनी पत्नी व बेटे चंदन तथा चंद्रशेखर संग वहां पहुंच गया। गाली-गलौज करते हुए पट्टीदारों ने राकेश की पिटाई शुरू कर दी। बीच-बचाव करने पहुंची पत्नी सुखमीला को भी लाठी-डंडे से पीटा, जिससे वो बेहोश हो गई।
ग्रामीणों ने घायल दंपति को मूरतगंज पीएचसी में भर्ती कराया, जहां सुखमीला की मौत हो गई। घटना के बाद से दोनों पक्षों के बीच तनातनी की स्थिति बनी हुई है। एहतियात के तौर पर गांव में एक सेक्शन पीएसी व स्थानीय फोर्स तैनात कर दी गई है। मामले में पूरामुफ्ती इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार सिंह का कहना है कि रिपोर्ट लिखकर आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही सभी को पकड़कर जेल भेजा जाएगा।