पिपरी कोतवाली के लोधौर पुुलिस चौकी में तैनात प्रभारी अतुल रंजन तिवारी पर एक महिला ने अपने कमरे में बुलाकर छेड़खानी करने का आरोप लगाया है। कोर्ट के आदेश पर सोमवार को कोतवाली पुलिस ने चौकी प्रभारी के खिलाफ छेड़खानी व एससीएसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
पिपरी इलाके की एक महिला ने बताया कि उसके पति राजकुमार को औधन गांव के त्रिलोकी, राजकली, केदार व एक अन्य ने 10 अप्रैल 2024 को भूमि विवाद के चलते बेरहमी से पीटा था। राजकुमार को अस्पताल में भर्ती कराकर महिला ने पिपरी थाने में शिकायत की। पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया।
कुछ दिन बाद अस्पताल में इलाज के दौरान राजकुमार की मौत हो गई। आरोप है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद भी पुलिस ने न तो मुकदमे में धारा 304 की बढ़ोतरी नहीं की और नहीं आरोपियों की गिरफ्तारी की गई। पीड़िता ने 25 जून को एसपी से शिकायत की।
इस पर चौकी प्रभारी लोधौर अतुल रंजन तिवारी ने दो दिन बाद उसे चौकी बुलवाया। साथ ही साक्ष्य संकलन और गिरफ्तारी के लिए आरोपियों के ठिकाना बताने में मदद करने की बात कही। इसके बाद महिला को तीन दिन बाद चौकी प्रभारी ने अपने कमरे में बुलाया।
आरोप है कि पति के हत्यारोपियों की गिरफ्तारी व कड़ी कार्रवाई करने का झांसा देकर उसके साथ छेड़खानी करते हुए संबंध बनाने का दबाव बनाया। विरोध करने पर जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए चौकी प्रभारी ने विवेचना में मुकदमे को दुर्घटना में बदलने की धमकी देते हुए भगा दिया। इससे आहत पीड़िता ने आठ जुलाई को एसपी से शिकायत की, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। नतीजतन पीड़िता ने अदालत का सहारा लिया।
सीओ चायल सत्येंद्र तिवारी ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर चौकी प्रभारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया गया है। आरोपों की जांच कर निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी।
-