महिला ने हत्या की साजिश रच दूसरी शादी करने का लगाया आरोप
- पीड़िता ने पति समेत ससुरालियों के खिलाफ दी तहरीर, छानबीन में जुटी पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
चायल। सरायअकिल कोतवाली के पुरखास गांव की महिला ने ससुरालवालों पर हत्या करने की साजिश का आरोप लगाया है। शिकायत के बाद हरकत में आई पुलिस ने पिपरी थाने के मखऊपुर पुलिया के समीप पकड़ लिया। तहरीर मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
घोसिया गांव के शकीलउद्दीन ने अपनी बेटी फलक की शादी पुरखास निवासी मो. अजीब सिद्दीकी के साथ की है। फलक के अनुसार शादी के दो माह बाद से ही ससुराली उसे प्रताड़ित करने लगे। बेटी की शादी के बाद शकील कामकाज के सिलसिले में परिवार के साथ झारखंड के जमशेदपुर टाटा चले गए। आरोप है कि ससुरालवाले उसकी हत्या कर बेटे की दूसरी शादी कराना चाहते हैं। मंगलवार को भी पिटाई करने के बाद उसे कार से कहीं ले जाकर उसकी हत्या करने की साजिश रच रहे थे। किसी तरह मोबाइल से फोन कर उसने मामले की जानकारी मायकेवालों को दी। सूचना के बाद पुलिस ने वायरलेस के जरिए पिपरी कोतवाली को अवगत कराया। मखऊपुर तिराहे पर पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर कार को रोक लिया। पूछताछ के बाद कार सवार सभी लोगों को सरायअकिल पुलिस अपने साथ ले गई। मामले में फलक के पति, सास और ससुर के खिलाफ तहरीर दी गई। तहरीर मिलने के बाद पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।