कड़ा धाम कोतवाली के इस्माइलपुर गांव में करवाचौथ के दिन जहर खिलाकर मारे गए युवक के शव के पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। इसलिए विसरा प्रिजर्व कर लिया गया है। पुलिस ने मौत पूर्व बयान के आधार पर हत्यारोपी पत्नी को गिरफ्तार कर मंगलवार को चालान न्यायालय भेजा। जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
इस्माइलपुर निवासी शैलेंद्र कुमार (32) की पत्नी सविता पर आरोप है कि उसने प्रेमी युवक के प्यार में पागल होकर करवाचौथ के दिन मैक्रोनी में जहर खिलाकर अपने पति की हत्या कर दी थी।
अस्पताल में मौत पूर्व शैलेंद्र खुद सभी के सामने पत्नी पर जहर खिलाकर हत्या करने आरोप लगाया था। पति की तबीयत बिगड़ती देख सविता घर से भाग निकली थी। मृतक के छोटे भाई अखिलेश की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा था।
थानाध्यक्ष धीरेंद्र सिंह ने बताया कि देर शाम आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शैलेंद्र की मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। इसलिए विसरा प्रिजर्व कर लिया गया है। साथ ही पति की हत्यारोपी महिला को गिरफ्तार कर मंगलवार को चालान न्यायालय किया गया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
-
दम घुटने से हुई थी रुबी परवीन की मौत
सरायअकिल के पुरखास गांव की नवविवाहिता रुबी परवीन की मौत दम घुटने से हुई थी। इस बात का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुआ है। मृतका के भाई नूर मोहम्मद की तहरीर पर पुलिस पहले ही दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
चरवा के सैयदसरांवा गांव के नूर मोहम्मद ने अपनी बहन रुबी परवीन (22) की शादी 27 जून को पुरखास के अब्दुल करीम के साथ किया था। आरोप है कि अतिरिक्त दहेज में पांच लाख रुपयों के लिए रुबी के ससुराली उसे प्रताड़ित कर रहे थे। रविवार शाम रुबी की ससुराल में मौत हो गई।
सूचना पर आए मायके वालों ने रुबी के गले में काला स्याह निशान देखने के बाद हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचना दी। सूचना पर आई पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा था।
भाई नूर मोहम्मद की तहरीर पर पति अब्दुल करीम,ससुर इदरीस अहमद,सास कौसरी और देवर कदर के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया। सोमवार रात आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पता चला कि रुबी परवीन की मौत दम घुटने यानी कि गला घोंटने से हुई थी। रिपोर्ट आने के बाद पुलिस अब आरोपी ससुरालियों को गिरफ्तार करने के लिए दबिश दे रही है।