डा. प्रज्ञा, त्वचा रोग विशेषज्ञ,जिला अस्पताल।संवाद
बदलते मौसम में ठंडी हवाएं त्वचा को रूखी और बेजान बना रही हैं। जैसे-जैसे तापमान में बढ़ोतरी हो रही है, लोग पानी का सेवन कम कर रहे हैं। ऐसे में चेहरे पर खुजली, लाल चकत्ते, सुखी त्वचा और झुर्रियों की समस्या बढ़ जाती है।
मेडिकल कॉलेज के त्वचारोग विभाग की डॉ. प्रज्ञा जायसवाल ने बताया कि इस मौसम में जितना जरूरी त्वचा को बाहर से मॉइस्चराइज करना है, उतना ही अंदर से भी शरीर को नमी रखने की आवश्यकता होती है। इस समस्या से बचने के लिए खानपान का ख्याल रखें।
सर्दियों के मौसम में ठंड हवाओं में नमी कम होती है। जैसे-जैसे हवा शुष्क होती है, यह त्वचा पर असर डालती है। इन दिनों गर्म पानी से नहाना और गर्म हीटर का घरों में प्रयोग होने से भी त्वचा में सूखापन आने लगता है। यह कमी त्वचा की बाहरी परत को कमजोर कर देती हैं।
उन्होंने बताया कि सर्दियों में समय पर भोजन करें और आहार में फलों व हरी सब्जियों को अधिक मात्रा में शामिल करें। इससे शरीर को पोषण मिलेगा और त्वचा स्वाभाविक रूप से निखरी रहेगी।
इधर, डॉ. खुशनुमा बानो ने बताया कि सर्दियों में स्नान के लिए गुनगुने पानी का प्रयोग करें। शरीर पर लगाने के लिए प्राकृतिक तेल जैसे नारियल और बादाम के तेल का प्रयोग करें। विटामिन-सी, विटामिन-ई, ओमेगा-थ्री फैटी एसिड युक्त खाद्य पदार्थों का सेवन करें।