सहालग के साथ सर्दियों के शुरू होते ही सूखे मेवे के कारोबार के बढ़ने की उम्मीद है। ऐसे में बादाम, चिलगोजा, छुहारा, अखरोट, खुमानी और अंजीर के दाम बढ़ गए हैं।
शादी से पहले तिलक, वरीक्षा में कपड़ा, फल, मीठा के साथ सूखा मेवा देने का रिवाज है। इसके अलावा सर्दियों में लोग सूखे मेवे का सेवन करते हैं, जिसमें बादाम, अखरोट, खुमानी और अंजीर को अधिक महत्व दिया जाता है। सहालग व ठंड को देखते हुए कारोबारियों ने सूखे मेवे के स्टॉक को भी जुटाना शुरू किया है। वहीं, बाजार में इन दिनों भी सूखे मेवे का कारोबार ठीक-ठाक चल रहा है।
करारी चौराहा स्थित किराना स्टोर के संचालक उधोश्याम गुप्ता, नई बाजार में पंसारी के संचालक ऋतू मोदनवाल, राजा राम केसरवानी ने बताया कि गर्मियों की अपेक्षा सर्दियों में सूखे मेवा की अधिक मांग रहती है। भरवारी के किराना व्यापारी विपुल केसरवानी और राजू केसरवानी ने बताया कि सर्दियों में लोग मेवे को पानी में भिगोकर भी सेवन करते हैं। कुछ लोग मेवा की पंजीरी और गुड़ के साथ लड्डू भी बनवाते हैं। सर्दियों में लोग बादाम, खुमानी, अखरोट, किसमिस, काजू और मखाना को अधिक वरीयता देते हैं।
सहालग शुरू हो गया है। वरीक्षा-तिलक में लोग सूखे मेवे का उपहार देते हैं। इसके अलावा ठंड में भी लोग सूखे मेवा का सेवन करते हैं। ग्राहकों की मांग को देखते हुए सूखे मेवे मंगवा लिया गया है। - मनोज जायसवाल, किराना व्यापारी करारी
सहालग के साथ सर्दी शुरू होते ही सूखे मेवे के कारोबार बढ़ने की उम्मीद है। मेवा का भंडारण कर लिया गया। अभी दाम भी जस के तस हैं। - विपुल केसरवानी, किराना व्यापारी भरवारी
सूखे मेवे के प्रति किलोग्राम बाजार भाव पर एक नजर
बादाम : 850-900
काजू साबुत : 950-1,200
काजू दो टुकड़ा वाला : 900-1,000
किसमिस 480-600
अखरोट साबुत : 700-800
अखरोट गिरि: 1,000-1,400
अंजीर: 900-1,200
पिस्ता नमकीन : 1,200-1,300
मखाना: 1,100-1,300
नारियल गोला : 400-450
सूखे खजूर: 300-600
खुमानी : 800-1,000
चिलगोजा : 6,000