कोखराज कोतवाली क्षेत्र के सैंता गांव के समीप एक युवक का रेलवे लाइन पर शव मिला। युवक रविवार देर रात घर से निकला था। परिवार वालों का कहना है कि युवक की पत्नी मायके में रह रही है। पत्नी के नहीं आने के कारण वह काफी तनाव में रहता था। परिवार वालों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सैंता गांव निवासी कामता प्रसाद (28) पुत्र रमेश की शादी करीब तीन साल पहले सैनी कोतवाली इलाके के भवानीपुर गांव में रहने वाली महिला से हुई थी। शादी के बाद दंपती को एक पुत्र हुआ। बेटे की उम्र करीब चार माह है। इस बीच पति-पत्नी के बीच विवाद होने लगा। दो महीने पहले पत्नी घर छोड़कर मायके चली गई।
इसके बाद कामता काफी परेशान रहता था। रविवार देर शाम कामता खाना खाने के बाद बिना किसी से कुछ बताए घर से चला गया। देर रात तक उसके नहीं लौटने पर परिवार के लोगों ने खोजबीन की। इसके बाद भी उसका पता नहीं चला। सोमवार सुबह रेलवे लाइन की तरफ निकले लोगों ने कामता की लाश देखी।
इस बाबत इंस्पेक्टर कोखराज बलराम सिंह का कहना है कि फिलहाल मामला खुदकुशी का लग रहा है। परिवार वालों की तरफ से कोई तहरीर नहीं दी गई है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। शिकायत मिलती है तो प्रकरण की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ट्रेन की चपेट में आकर युवक की मौत
कोखराज कोतवाली क्षेत्र के नौढ़िया गांव के समीप सोमवार सुबह रेलवे लाइन पर एक युवक का शव मिला। घटना की जानकारी पर पहुंचे मृतक के परिजनों ने बताया कि वह मानसिक रूप से बीमार था। परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
नौढ़िया गांव के समीप दिल्ली-हावड़ा रेलमार्ग पर सोमवार सुबह रेलवे लाइन पर एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना पर गांव के तमाम लोग मौके पर पहुंचे। इस बीच पता चला कि मृतक नया पुरवा मजरा राला गांव के चंदर रैदास का बेटा जीतलाल (24) है। ग्रामीणों ने घटना की जानकारी दी तो परिवार के लोग रोते-बिलखते मौके पर पहुंचे। परिवार वालों की सूचना पर भरवारी चौकी प्रभारी योगेश तिवारी भी आ गए।
परिजनों के मुताबिक जीतलाल मानसिक रुप से बीमार था। उसका कई जगह इलाज कराया जा चुका है। स्वजनों की मानें तो रविवार शाम वह घर से खाना खाने के बाद निकला था। इसके बाद सुबह शव मिलने की जानकारी हुई। इस बाबत चौकी प्रभारी का कहना है कि घटना हादसा है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिवार वालों की तरफ से किसी तरह की तहरीर नहीं दी गई है।
सड़क हादसे में जख्मी बुजुर्ग ने इलाज के दौरान दम तोड़ा
कोखराज कोतवाली क्षेत्र के पांडेयमऊ गांव के समीप शनिवार को हुए हादसे में जख्मी बुजुर्ग की इलाज के दौरान मौत हो गई। परिवार के लोग उसका इलाज लखनऊ के अस्पताल में करा रहे थे।
जलालपुर गोरियों गांव का अशर्फीलाल (65) किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करता था।
शनिवार को वह अपने दामाद के साथ बाइक से भरवारी आ रहा था। नगर पालिका भरवारी के पांडेयमऊ गांव के समीप किसी वाहन की टक्कर से अशर्फीलाल गंभीर रूप से जख्मी हो गया। परिवार के लोग उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल लाए। यहां चिकित्सकों ने हालत नाजुक देख उसे प्रयागराज के लिए रेफर कर दिया।
इसके बाद परिवार के लोग उसे इलाज के लिए लखनऊ के अस्पताल ले गए। वहां इलाज के दौरान सोमवार सुबह अशर्फीलाल ने दम तोड़ दिया। घटना से पीड़ित परिवार में कोहराम है। मामले की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। परिजनों के आग्रह पर पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को उनके सुपुर्द कर दिया।