Dead body of disabled person found in well, fear of murder
- फोटो : KAUSHAMBI
कोखराज कोतवाली क्षेत्र के सैंता गांव में सोमवार सुबह एक दिव्यांग बुजुर्ग का कुएं में शव मिला। पत्नी की मौत के बाद बुजुर्ग खेत में झोपड़ी बनाकर रहता था। बुुजुर्ग की हत्या की आशंका जाहिर की जा रही है। घटना की जानकारी के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल, मामले में पुलिस को तहरीर नहीं दी गई है।
सैंता गांव निवासी दिव्यांग ननकू (70) की पत्नी की कर्ठ साल पहले मौत हो चुकी है। ननकू के बच्चे नहीं हैं। 10 साल पहले उसने अपने हिस्से की सवा बीघे जमीन छोटे भाई बाबूलाल के बेटे ओंकार के नाम कर दिया था। इसके बाद ननकू अपने खेत के समीप स्थित कुएं के पास झोपड़ी बनाकर रहता था।
ननकू खुद ही खाना पकाता था। सोमवार सुबह खेत की तरफ गए ग्रामीणों ने ननकू को झोपड़ी से नदारद देखा तो उसे आवाज दी। इस दौरान कुएं के पास रस्सी पड़ी देखा। अनहोनी की आशंका में लोग कुएं के पास पहुंचे तो देखा की पानी में ननकू का शव उतरा रहा था। इसकी जानकारी उसके परिवार वालों को दी गई।
मौके पर पहुंचे परिजनों ने पुलिस को खबर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। चर्चा रही कि ननकू ने जब अपने भतीजे ओंकार के नाम जमीन का बैनामा किया तभी से अन्य पट्टीदारों के बीच विवाद होने लगा। ननकू के भाई जग्गू के बच्चों से इसी जमीन को लेकर विवाद होता था।
14 जुलाई को भी इसी बात को लेकर पट्टीदारों से ननकू का विवाद हुआ था। इस बाबत कोखराज कोतवाली के इंस्पेक्टर बलराम सिंह का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। फिलहाल, परिवार वालों की तरफ से कोई तहरीर नहीं दी गई है। शिकायत मिलती है तो प्रकरण की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।