मंझनपुर। मूरतगंज ब्लाक की दरवेशपवुर ग्राम सभा के प्रधान और वीडीओ पर ग्रामीणों ने विकास कार्यों में धांधली करने का आरोप लगाया था। जांच में आरोपों की पुष्टि होने के बाद भी प्रधान-वीडीओ के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जा रही है। इसे लेकर गांव के लोगों में गहरी नाराजगी है। बुधवार को ग्रामीणों ने डीएम को शिकायती पत्र देकर डीपीआरओ के खिलाफ जनबूझकर कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया। डीएम ने मामले की जांच करवाने का आश्वासन दिया है।
दरवेशपुर गांव के अरुण कुमार त्रिपाठी आदि ने बताया कि ग्राम प्रधान और वीडीओ ने मनरेगा समेत सभी मदों से कराए गए विकास कार्यों में जमकर हेराफेरी की है। बताया कि 29 अक्तूबर को ग्रामीणों ने इसकी शिकायत डीएम से की थी। आरोपों को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने डीआईओएस की अगुवाई में तीन सदस्यीय जांच कमेटी गठित की थी। तीन जनवरी को जांच टीम ने गांव पहुंचकर जांच की तो लगाए गए आरोप सही पाए गए। जांच टीम ने इसकी रिपोर्ट डीपीआरओ को महीनों पहले दे दी है।
डीपीआरओ ने आरोपित प्रधान और वीडीओ को कारण बताओ नोटिस दिया था। आरोप है कि अभी तक प्रधान और वीडीओ ने नोटिस का जवाब नहीं दिया है। इसके बाद भी कार्रवाई नहीं की जा रही है। इससे गांव के लोगों में गुस्सा है। ग्रामीणों का कहना है कि प्रधान-वीडीओ के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो वे आन्दोलन करने को मजबूर होंगे।