सदर कोतवाली पुलिस ने मंगलवार रात गश्त के दौरान गोवंश लदे ट्रक का पीछा किया तो घिरता देख तस्कर ट्रक छोड़कर भाग निकले। ट्रक से 21 गोवंश बरामद हुए हैं। बरामद गोवंश को कादिराबाद गोशाला में संरक्षित कराया गया है।
सदर कोतवाल विनोद सिंह मंगलवार रात गश्त पर थे। इस दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि महेवाघाट की तरफ से गोवंश से लदा ट्रक भरवारी की तरफ जा रहा है। इस पर उन्होंने अपनी टीम के साथ समदा चौराहे पर चेकिंग लगा दी। जैसे ही ट्रक आता दिखा तो पुलिस टीम ने उसे रुकने का इशारा किया।
पुलिस को देख ट्रक चालक ने गाड़ी की रफ्तार बढ़ा दी। इसके बाद पुलिस ने पीछा किया तो चालक व उसके साथी कादीपुर पुल के पास गाड़ी छोड़कर भाग निकले। इंस्पेक्टर के मुताबिक मामले में लिखापढ़ी कर ली गई है।