पिपरी कोतवाली के एक गांव में ब्याज की रकम वापस नहीं करने पर सूदखोर ने एक व्यक्ति का खेत जोत लिया। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट भी की गई। कोर्ट के आदेश पर सोमवार को आरोपी पिता-पुत्र समेत तीन के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
पलहेपुर गांव के छब्बा लाल पासी के मुताबिक 2021 में बेटी की बीमारी पर इलाज के लिए उसने गांव के ही राहुल यादव से 40 हजार रुपये 10 फीसदी ब्याज पर कर्ज लिया था।
कुछ दिन बाद उसने राहुल यादव को ब्याज सहित दो लाख बीस हजार रुपये वापस कर दिए। इसके बाद भी राहुल ने डेढ़ लाख रुपये की और मांग की। आरोप है कि असमर्थता जताने पर 12 बिस्वा खेत जबरन जोत लिया।
पीड़ित ने जब इसका विरोध किया तो राहुल ने अपने भाई मनोज व पिता बबुन के साथ मिल उसकी पिटाई की। आरोप है कि नामजद तहरीर के बाद भी कार्रवाई नहीं होने पर पीड़ित ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया।
अदालत के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने सोमवार आरोपियों के खिलाफ एससी-एसटी सहित अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
-