मेमू ट्रेन के आगमन पर भरवारी रेलवे स्टेशन पर कौशाम्बी सांसद का स्वागत करते भाजपाई।
जिले वासियों को तोहफे के रूप में मिली मेमू ट्रेन पहले दिन आदर्श स्टेशन भरवारी पहुंची तो कस्बाइयों ने जोरदार स्वागत किया। ट्रेन में चढ़कर आए सांसद विनोद सोनकर व साध्वी निरंजन ज्योति को माला पहनाकर सम्मानित किया। स्टेशन पर मेमू रुकी तो नई ट्रेन को देखने के लिए कस्बाइयों की खासी भीड़ इकट्ठा हो गई।
सांसद विनोद सोनकर दोआबा में रेल यातायात के विकास को लेकर काफी संजीदा हैं। पिछले दिनों उन्होंने मंझनपुर में टिकट आरक्षण खिड़की खुलवाई और सिराथू, भरवारी को आदर्श रेलवे स्टेशन का दर्जा दिलाया था। इसी क्रम में उनका प्रयास ट्रेनों के ठहराव को लेकर भी जारी रहा। जिसका नतीजा रहा कि जिले वासियों को मेमू ट्रेन होली की सौगात के रूप में मिली। ठीक होली के दिन बुधवार को मेमू इलाहाबाद से चलकर भरवारी पहुंची। ट्रेन में जिले के सांसद विनोद सोनकर व फतेहपुर सांसद साध्वी निरंजन ज्योति भी सवार होकर पहुंचीं। यहां पर नगर पंचायत अध्यक्ष संजय गुप्ता के नेतृत्व में कस्बाइयों ने ट्रेन के साथ दोनों सांसदों का जोरदार स्वागत किया। कुछ देर ठहराव के बाद ट्रेन कानपुर के लिए रवाना हो गई। जिले के प्रमुख स्टेशनों पर मेमू का ठहराव होने से लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई। ट्रेन के कानपुर-इलाहाबाद रूट पर चलने से अब दोआबा के वासिंदों का सफर आसान हो गया है। स्वागत करते समय नगर अध्यक्ष के अलावा कस्बे के कई सभासद व गणमान्य लोग मौजूद रहे।