मौसम का बदला हुआ मिजाज सेहत पर असर डाल रहा है। खासतौर पर जो हृदय रोगी हैं, उनपर असर दिखने लगा है। इसके साथ ही हाई ब्लड प्रेशर के रोगी बढ़ रहे हैं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र करारी की ओपीडी में सोमवार को अस्पताल में करीब 110 मरीज आए। इनमें से कई मरीज ब्लड प्रेसर, शुगर से पीड़ित थे।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉक्टर बद्री विशाल अग्रवाल ने बताया कि अगर घबराहट महसूस हो तो तुंरत अस्पताल में ईसीजी कराएं और चिकित्सक की सलाह से दवाओं का सेवन करें। मौसम का बदलाव दिल के मरीजों पर असर करता है।
अस्पतालों के ओपीडी में लगातार बढ़ रही मरीजों की संख्या
करारी। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार इन दिनों जिला अस्पताल और विभिन्न सीएचसी-पीएचसी की ओपीडी में प्रतिदिन औसतन 1800 से 2200 मरीज पहुंच रहे हैं। इनमें बड़ी संख्या ब्लड प्रेशर, शुगर, घबराहट, सीने में दर्द और सांस फूलने की शिकायत वाले मरीजों की है। चायल सीएचसी में दोपहर एक बजे तक सर्दी, खांसी, जुखाम और दिल के रोगों से संबंधित 137 मरीजों ने ओपीडी में इलाज कराया।
बदलते मौसम में सामान्य बचाव
-दवाइयों में लापरवाही न करें, अपनी निर्धारित दवाइयां नियमित रूप से समय पर लें।
-घर पर ही नियमित रूप से ब्लड प्रेशर और शुगर की जांच करें।
-योग या ध्यान (प्राणायाम) करें और पर्याप्त नींद लें।
-शरीर में पानी की कमी न होने दें। पूरे दिन पानी या तरल पदार्थ (नारियल पानी) पीते रहें, भले ही प्यास न लगे।
मौसम में उतार-चढ़ाव से अन्य रोगियों के साथ हृदय, डायबिटीज व ब्लड प्रेशर के रोगी प्रतिदिन परामर्श लेने के लिए आ रहे हैं। मरीजों को जांच, दवा व परामर्श की सुविधा दी जा रही है। -डॉ. बद्री विशाल अग्रवाल, अधीक्षक, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र