क्षेत्र के निजामपुर पुरैनी गांव में मंगलवार रात प्रेम प्रसंग से आहत एक छात्र ने घर के समीप बाग में आम के पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले युवक ने सोशल मीडिया पर युवती के साथ अपनी तस्वीर पोस्ट करते हुए लिखा, तुमको भी ले जाएंगे, हमको भी ले जाएंगे, तुमको अपनाएंगे, हमको दफनाएंगे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुरैनी गांव निवासी बालचरण यादव प्रयागराज के मुंडेरा मंडी में पान की गुमटी चलाते हैं। उनका बेटा शुभम यादव (18) मूरतगंज स्थित एक महाविद्यालय में बीए प्रथम वर्ष का छात्र था। ग्रामीणों के अनुसार शुभम का चरवा कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की युवती से काफी समय से प्रेम संबंध चल रहा था। लेकिन परिजनों ने युवती की शादी अन्य जगह तय कर दी थी। मंगलवार शाम युवती की बरात पहुंचने की सूचना से शुभम गहरे सदमे में था।
घटना से पहले शुभम ने सोशल मीडिया पर युवती के साथ अपनी तस्वीर पोस्ट करते हुए लिखा, “तुमको भी ले जाएंगे, हमको भी ले जाएंगे, तुमको अपनाएंगे, हमको दफनाएंगे।” इसके कुछ देर बाद वह घर के पास स्थित बाग में पहुंचा और आम के पेड़ की डाल में रस्सी के सहारे फंदा लगाकर झूल गया।
परिजनों को जानकारी होने पर उसे फंदे से नीचे उतारकर पहले मुंडेरा स्थित एक निजी अस्पताल ले गए। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे स्वरूप रानी नेहरू अस्पताल (एसआरएन) रेफर कर दिया, जहां जांच के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पिपरी थाना प्रभारी ने बताया कि छात्र के फंदे से लटकने की सूचना मिली है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
मृतक शुभम यादव की फाइल फोटो