कड़ाधाम थाना क्षेत्र के अलीपुरजीता गांव के पास मंगलवार रात तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश शुरू कर दी है।
अफजलपुर सांतों गांव निवासी सत्यम (27) पुत्र मिश्रीलाल मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। मंगलवार को वह रिश्तेदारी में आयोजित वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने बाइक से अलीपुरजीता गया था। दावत के बाद रात करीब आठ बजे वह घर लौटने के लिए निकला। लेकिन, देर रात तक घर नहीं पहुंचा।
चिंतित परिजनों ने उसके मोबाइल पर कई बार संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। भोर में उनको घटना की जानकारी मिली कि अलीपुरजीता के पास सड़क हादसे में एक युवक के गंभीर रूप से घायल होने के मौत हो गई है। जानकारी मिलते ही वह मौके पर पहुंचे।
परिवार के लोगों ने सत्यम की पहचान की। सत्यम की मौत की खबर जैसे ही घर पहुंची। पत्नी सरिता व अन्य लोग रो-रो कर बेहाल हैं। थाना प्रभारी त्रिलोकीनाथ पांडेय ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।